राजनगर पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे में चोरी हुआ हाईवा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:



सरायकेला-खरसावां, 8 जून 2025 — राजनगर थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बीते 6 जून को चोरी हुए हाइवा वाहन (संख्या JH05Z4081) को महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम विशाल सिंह और सुमन कुमार मंडल हैं।

हाईवा चोरी की पूरी घटना

जानकारी के अनुसार, 6 जून की रात को बड़ा बाना कैंप के पास से आरके कंस्ट्रक्शन कंपनी का एक हाइवा चोरी हो गया था। वाहन उड़ीसा के मयूरभंज जिले के सिदाडीह ग्राम निवासी दीनबंधु हेंब्रम के हवाले था, जो कंपनी में कार्यरत हैं। इस संबंध में उन्होंने राजनगर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

पुलिस ने दिखाई तत्परता, बनी विशेष टीम



मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीपीओ समीर सवैया एवं सरायकेला अंचल के इंस्पेक्टर नितिन कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहायता और खुफिया सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए दोनों अपराधियों को धर दबोचा और चोरी गया हाईवा भी बरामद कर लिया।

आरोपियों ने कुबूला जुर्म

गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उन्हें शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

टीम को एसपी ने दी बधाई

राजनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने पूरी टीम की सराहना की है। इस कार्रवाई में राजनगर थाना प्रभारी चंचल कुमार, एसआई सुभाष चंद्र शर्मा, और राजनगर सशस्त्र बल की सक्रिय भागीदारी रही।

Leave a Comment