मानगो बालिगुमा में श्री श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण, बस्तीवासियों के वर्षों का सपना हुआ साकार

SHARE:



मानगो (जमशेदपुर), 8 जून 2025
बालिगुमा बागान क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आज एक ऐतिहासिक और भावनात्मक दिन रहा, जब वर्षों से संजोया गया मंदिर निर्माण का सपना आखिरकार साकार हो गया। श्री श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर का भव्य निर्माण कार्य अब पूर्ण हो चुका है और इसके साथ ही पांच दिवसीय शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा यज्ञ का शुभारंभ भी विधिवत रूप से हो गया।



स्थानीय लोगों को पूजा-अर्चना के लिए दूरस्थ मंदिरों तक जाना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती थी। इस समस्या को देखते हुए मोहल्ले के लोगों ने अपने क्षेत्र में ही मंदिर निर्माण का संकल्प लिया। वर्षों तक जमीन की उपलब्धता न होने के कारण यह सपना अधूरा ही रहा। लेकिन सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त नंदू प्रसाद ने जब अपनी एक कट्ठा जमीन मंदिर निर्माण के लिए समर्पित कर दी, तो मानो बस्तीवासियों को संजीवनी मिल गई।

स्थानीय लोगों के सहयोग और मेहनत से एक वर्ष के भीतर मंदिर निर्माण कार्य संपन्न हुआ। इस नवनिर्मित मंदिर में नर्मदा नदी से लाए गए भगवान शिव के नर्मदेश्वर शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा के लिए प्रयागराज से आए आचार्य राजकुमार मिश्रा और उनकी 11 सदस्यीय टीम द्वारा विधिवत पूजा-पाठ कराया जा रहा है।

यज्ञ के शुभारंभ पर प्रथम दिन कलश यात्रा व पंचांग पूजन हुआ, दूसरे दिन मंडप प्रवेश और जलाधिवास संपन्न हुआ। तीसरे दिन भगवान शिवलिंग का नगर भ्रमण कराया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह ने भी उपस्थित होकर कहा,

> “बालिगुमा बागान क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना सपना आज साकार हुआ है, यह आत्मिक संतोष देने वाला पल है।”



कार्यक्रम के अंतिम दिन महा भंडारे का आयोजन होगा जिसमें हजारों श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।

मंदिर निर्माण और आयोजन को सफल बनाने में नंदू प्रसाद, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, गेना सिंह, शिव शंकर राय, विकास सिंह, अविनाश डोगरा, मुन्ना प्रसाद, शंकर महतो, कुणाल सिंह, चंदन सिंह, विवेक प्रसाद, गुप्तेश्वर प्रसाद, धन सिंह, मुन्ना सिंह, अनिल प्रसाद, उमेश प्रसाद सहित समस्त बस्तीवासियों की अहम भूमिका रही।

Leave a Comment