जमशेदपुर, 8 जून 2025:
पोटका विधायक संजीव सरदार की पहल पर स्वर्गीय गंगा देवी की पुण्य स्मृति में रविवार को पोटका प्रखंड के तेंतला पंचायत भवन में एक नि:शुल्क मेगा चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर गंगा मेमोरियल अस्पताल, शंकोसाई के तत्वावधान में और वीर शहीद गंगानारायण सिंह मेमोरियल सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से संपन्न हुआ।
शिविर में कुल 284 मरीजों की जांच की गई, जिसमें से 57 मरीजों को निशुल्क ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। चिकित्सा शिविर का उद्घाटन विधायक संजीव सरदार ने दीप प्रज्वलन और स्व. गंगा देवी के चित्र पर पुष्प अर्पण कर किया।



विधायक संजीव सरदार ने डॉ. नागेंद्र सिंह को बताया समाजसेवा की मिसाल
विधायक संजीव सरदार ने अपने वक्तव्य में कहा कि उन्होंने विधानसभा चुनाव में जो वादे किए थे, उसी के अनुरूप वे लगातार क्षेत्र के विभिन्न गांवों में चिकित्सा शिविर आयोजित करवा रहे हैं। उन्होंने इस पुनीत कार्य में डॉ. नागेंद्र सिंह के योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह पिछले 35 वर्षों से अपनी दिवंगत माता की स्मृति में गरीब मरीजों का निःशुल्क इलाज कर रहे हैं, जो आज के समय में समाजसेवा की एक अनुपम मिसाल है।
—
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने दी सेवाएं, हर विभाग के विशेषज्ञ रहे मौजूद
शिविर में डॉ. नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में अनेक विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं, जिनमें प्लास्टिक सर्जन डॉ. ललित मिंज, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजुला श्रीवास्तव, डॉ. पूजा कश्यप, डेंटल सर्जन डॉ. तापस बाला, डॉ. स्मारिका, फिजीशियन डॉ. पंपी, डॉ. मुकेश आदि शामिल थे। सभी चिकित्सकों ने मरीजों की नि:शुल्क जांच और परामर्श दिया।
—
स्थानीय लोगों की रही सक्रिय भागीदारी
शिविर के आयोजन और सफल संचालन में पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, सुनील महतो, बबलू चौधरी, सुधीर सोरेन, जिकरूल होदा, श्याम चरण सरदार, अर्धेंदु गोप, गौरांग महाकुड़, कृष्णा सिंह सरदार, फूलचांद सरदार (लाल), प्रोरंजन सरदार, नरसिंह सरदार, मूरती गोप समेत कई स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का संचालन सुरेश चौहान ने किया और धन्यवाद ज्ञापन चंद्रावती महतो ने किया।









