Jamshedpur:जुगसलाई के विधायक Mangal Kalindi ने झारखंड विधानसभा के षष्ठम कार्यकाल के पंचम (बजट) सत्र के शून्यकाल के दौरान पटमदा प्रखंड के एक महत्वपूर्ण धार्मिक व प्राकृतिक स्थल को पर्यटन मानचित्र पर लाने की मांग उठाई। विधायक ने पटमदा प्रखंड के गोबरघुसी पंचायत अंतर्गत बाटालुका स्थित कितापाठ देवस्थान को विकसित कर पर्यटक स्थल का दर्जा देने की मांग सरकार से की।
सदन में अपनी बात रखते हुए विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि पहाड़ियों से चारों ओर घिरा कितापाठ देवस्थान प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर एक मनोरम स्थल है। यह स्थान धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्रकृति प्रेमियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस स्थल को पर्यटन के रूप में विकसित करती है, तो इससे क्षेत्र के लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
विधायक ने यह भी कहा कि पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने से क्षेत्र का समग्र विकास होगा और राज्य सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी। उन्होंने सरकार से जनहित में जल्द पहल करने की मांग की ताकि कितापाठ देवस्थान को झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल किया जा सके।
स्थानीय लोगों का भी मानना है कि यह क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व के कारण पर्यटन के लिए काफी संभावनाएं रखता है। उचित बुनियादी सुविधाएं और प्रचार-प्रसार होने पर यह स्थान दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित कर सकता है।








