Delhi Election Result 2025 दिल्ली में भाजपा की प्रचंड जीत, 26 साल बाद सत्ता में वापसी संभव अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से 3000 वोटों से हार

SHARE:

Delhi election results:दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पूर्ण बहुमत मिलता दिख रहा है। शनिवार को हुई मतगणना के ताजा रुझानों के अनुसार, भाजपा 45 सीटों पर आगे है, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) को केवल 25 सीटों पर बढ़त मिली है। इस ऐतिहासिक बढ़त के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है।

भाजपा मुख्यालय में जश्न, ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न

भाजपा की शानदार बढ़त को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में जश्न मनाना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ नृत्य किया, पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी जताई। पार्टी के चुनाव चिह्न कमल के कटआउट हाथ में लिए समर्थक “मोदी, मोदी” और “भारत माता की जय” के नारे लगाते नजर आए।

मनीष सिसोदिया को मिली करारी हार

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट पर 3000 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, उनके करीबी और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया भी बड़ी हार झेल रहे हैं। यह हार आप के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है, क्योंकि पार्टी ने इस चुनाव में सत्ता बरकरार रखने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी।

भाजपा नेता वीरेंद्र सचदेवा का दावा – “दिल्ली में बनेगी भाजपा सरकार”

चुनावी रुझानों के बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा,

“दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री भाजपा से होंगे। केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही नाम तय करेगा। यह जीत दिल्ली की जनता के विश्वास का नतीजा है। हम सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”

सचदेवा ने कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना भी की और कहा कि यह नतीजे पार्टी की उम्मीदों के अनुरूप हैं। हालांकि, उन्होंने अंतिम परिणाम का इंतजार करने की बात भी कही।

26 साल बाद भाजपा की सत्ता में वापसी संभव

गौरतलब है कि भाजपा पिछले 26 वर्षों से दिल्ली की सत्ता से बाहर है। ऐसे में यदि पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाती है, तो यह राजनीतिक इतिहास में एक बड़ा बदलाव होगा।

दिल्ली चुनाव नतीजों पर देशभर की नजरें

दिल्ली विधानसभा चुनाव के ये नतीजे न सिर्फ राजधानी बल्कि पूरे देश के राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि क्या भाजपा सरकार बनाएगी या कोई नया मोड़ आएगा?

 

 

 

 

Leave a Comment