Adityapur :आदित्यपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गम्हरिया चित्रगुप्त नगर में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। टाटा स्टील के वरिष्ठ प्रबंधक कृष्ण कुमार (40) ने कैंसर जैसी घातक बीमारी से परेशान होकर अपनी पत्नी डोली देवी (35) और दो मासूम बेटियों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना पूरे क्षेत्र में सनसनी का कारण बन गई है।
एक साथ चार शव मिलने से मचा हड़कंप



घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और घर का दरवाजा तोड़कर जब अंदर दाखिल हुए तो वहां का दृश्य रूह कंपा देने वाला था। कृष्ण कुमार, उनकी पत्नी डोली देवी, बड़ी बेटी पूजा कुमारी उर्फ मैया और छह वर्षीय छोटी बेटी के शव फंदे से लटके हुए मिले। पुलिस ने चारों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
कैंसर की बीमारी बनी आत्महत्या की वजह?
मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा कृष्ण कुमार टाटा स्टील में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत था और कैंसर से पीड़ित था। इलाज के लिए वे हाल ही में मुंबई गए थे, जहां डॉक्टरों ने कीमोथेरेपी की सलाह दी। बाद में कीमोथेरेपी जमशेदपुर में भी संभव होने की जानकारी मिलने पर वे लौट आए। कंपनी में इलाज के लिए उन्होंने छुट्टी का आवेदन भी दिया था।
बीती रात से ही पूरा परिवार घर से बाहर नहीं निकला था, जिससे पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर उन्होंने यह दिल दहला देने वाला दृश्य देखा।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव और बीमारी से उपजा मानसिक दबाव मुख्य वजह मानी जा रही है। हालांकि पुलिस आत्महत्या के पीछे किसी अन्य कारण की भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।









