जमशेदपुर। झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कार्यालय (तिलक पुस्तकालय, बिष्टुपुर) पहुँचीं। इस दौरान उन्होंने आगामी 6 मई को रांची में आयोजित होने वाली ‘संविधान बचाओ रैली’ की तैयारियों की समीक्षा की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने पार्टी प्रोटोकॉल के अनुसार मंत्री का स्वागत शॉल, गांधी टोपी और पुष्पगुच्छ देकर किया। बैठक के दौरान मंत्री तिर्की ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में रैली में भाग लें। उन्होंने कहा कि यह रैली संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। रांची के पुराने विधानसभा मैदान (धुर्वा) में आयोजित इस रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संगठन महामंत्री के.सी. वेणुगोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत कई वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
6 मई को सवेरे 7 बजे साकची आमबगान मैदान से रांची के लिए काफिला रवाना होगा
बैठक में जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने बताया कि जिले के सभी 18 प्रखंडों से हजारों कार्यकर्ता रैली में भाग लेंगे। उन्होंने सभी प्रखंड अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों एवं अग्रणी संगठनों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे बैनर, पोस्टर और झंडों के साथ रैली स्थल पर पहुंचे। उन्होंने समाज के बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों से भी रैली में शामिल होने की अपील की।
इस दौरान दुबे ने मंत्री तिर्की के समक्ष एक प्रस्ताव भी रखा कि कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग से एक-एक प्रतिनिधि की नियुक्ति कांग्रेस कार्यकर्ताओं में से की जाए, ताकि विभागीय योजनाओं की जानकारी सीधे कार्यकर्ताओं और आम जनता तक पहुंचे।



बैठक में जुटे कांग्रेस के दर्जनों वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश सचिव राकेश कुमार तिवारी, आनन्द बिहारी दुबे, सामंता कुमार, जोसाई मार्डी, राजकिशोर यादव, अवधेश सिंह, ब्रजेन्द्र तिवारी, जसवंत सिंह जस्सी, शमशेर खान, गुलरेज अख्तर अंसारी, नलिनी सिन्हा, सचिन कुमार सिंह, पप्पू शुक्ल, ज्योति मिश्र, मृत्युंजय गुप्ता, अमित पाण्डेय, रंजीत झा, कौशल प्रधान, रंजन सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने रैली की सफलता के लिए समर्पित भाव से तैयारी में जुटने का संकल्प लिया।