एमजीएम अस्पताल हादसा: डालसा टीम ने किया दौरा, मृतकों के परिजनों को मिलेगा न्यायिक सहायता का भरोसा



जमशेदपुर। एमजीएम अस्पताल में 3 मई को हुई छत गिरने की दर्दनाक घटना के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की टीम ने रविवार सुबह अस्पताल का दौरा किया। यह दौरा झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के कार्यकारी अध्यक्ष माननीय सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश पर एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (प्रभारी) बिमलेश कुमार सहाय के नेतृत्व में हुआ।



सुबह लगभग 9:45 बजे डालसा टीम एमजीएम पहुंची, जिसमें सीजेएम विशाल गौरव, सचिव अभिषेक प्रसाद, प्रभारी न्यायाधीश सिद्धांत तिग्गा समेत कोर्ट स्टाफ और पीएलवी सदस्य शामिल थे। टीम ने घटनास्थल का अवलोकन किया, जहां मेडिसिन वार्ड के कॉरिडोर की छत गिरने से तीन लोगों की जान चली गई और दो गंभीर रूप से घायल हुए।

मृतकों की पहचान इस प्रकार है:

1. लुकास साइमन तिर्की (61), निवासी गदरा, गोविंदपुर, पूर्वी सिंहभूम


2. डेविड जॉनसन (70), निवासी साकची, जमशेदपुर


3. श्रीचंद तांती (50), निवासी तांती क्लब, सरायकेला-खरसावां



घायलों में शामिल हैं:

1. सुनील कुमार (48), निवासी परसुडीह – एमजीएम में इलाजरत


2. रेणुका देवी (72), श्रीचंद तांती की मां – वर्तमान में टीएमएच के क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती



डालसा टीम ने दोनों घायलों से मुलाकात की और उन्हें दी जा रही चिकित्सकीय सेवाओं की समीक्षा की। सुनील कुमार ने बताया कि उनका इलाज ठीक तरीके से हो रहा है और उनकी स्थिति में सुधार है। वहीं रेणुका देवी को गंभीर हालत में टीएमएच रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद पीएलवी नागेंद्र कुमार और दिलीप जायसवाल द्वारा मृतकों के परिजनों का पता लगाया गया। सरायकेला निवासी मृतक श्रीचंद तांती के परिजनों की जानकारी पीएलवी मुकेश मिश्रा और फागुराम महतो की मदद से जुटाई गई।

डालसा का आश्वासन:
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (प्रभारी) बिमलेश कुमार सहाय ने मीडिया को बताया कि पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में हरसंभव कानूनी सहायता दी जाएगी। अस्पताल प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि हादसा कॉरिडोर की पुरानी छत गिरने के कारण हुआ, जिसमें चार मरीजों में से तीन की मौत हो गई और एक घायल हुआ।

डालसा टीम ने पीड़ितों के शवों के सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार, परिजनों की पहचान और सभी आवश्यक कानूनी व अस्पताल संबंधित प्रक्रियाओं में सहायता देने का आश्वासन दिया है।

Leave a Comment