अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर इंटक की संगोष्ठी में जुटे सैकड़ों श्रमिक, श्रमिक हितों पर हुई विस्तृत चर्चा
राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में हुआ भव्य आयोजन

SHARE:



जमशेदपुर, 1 मई 2025 – अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर आज झारखंड प्रदेश इंटक और ज्वाइंट एक्शन कमेटी की ओर से आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर सभागार में एक महती संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने की। संगोष्ठी का विषय था – “वर्तमान परिप्रेक्ष्य में श्रमिकों की स्थिति पर परिचर्चा”। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में श्रमिक, यूनियन प्रतिनिधि और नेता उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि ने मजदूर-प्रबंधन समन्वय पर दिया जोर
इस अवसर पर लोहरदगा के सांसद श्री सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि श्रमिक और प्रबंधन एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों के सहयोग से ही उद्योग और श्रमिक दोनों का समुचित विकास संभव है। उन्होंने संगठित होकर संघर्ष करने पर बल दिया और कहा कि इंटक जैसे संगठन ही मजदूरों को उनका अधिकार दिलाने में सक्षम हैं। उन्होंने राकेश्वर पांडेय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जमशेदपुर का श्रमिक आंदोलन उनकी दूरदर्शिता की वजह से आज भी जीवंत है।

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने साझा किया अपना अनुभव
झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे स्वयं भी मजदूर राजनीति से ही आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि जब भी मजदूरों के हितों की बात आएगी, वे इंटक और राकेश्वर पांडेय के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने मजदूरों को उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने और संगठित रहने का संदेश दिया।

राकेश्वर पांडेय ने दिया एकजुटता का संदेश
अपने अध्यक्षीय संबोधन में राकेश्वर पांडेय ने कहा कि मौजूदा समय में मजदूर आंदोलन कठिन दौर से गुजर रहा है, ऐसे में श्रमिकों को एकजुट होकर यूनियन के साथ खड़ा होना होगा। उन्होंने 1886 के शिकागो आंदोलन का हवाला देते हुए मजदूर दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को रेखांकित किया और कहा कि जो भी अधिकार आज हमें प्राप्त हैं, वे उन शहीद मजदूरों की देन हैं। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे सिर्फ जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में संगठन के माध्यम से मजबूत आवाज बनें और अपने हक की लड़ाई को मजबूती दें।

भव्य आयोजन, श्रमिकों का उमड़ा जनसैलाब
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। सभी अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। संगोष्ठी में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महासचिव आरके सिंह, जुस्को यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, कांग्रेस नेता रामाश्रय प्रसाद, अशोक चौधरी, संजीव श्रीवास्तव, विजय खान, शाहनवाज आलम, परविंदर सिंह, मनोज सिंह, श्रीकांत सिंह, शिव लखन सिंह, पिंटू श्रीवास्तव, ददन सिंह, संजय सिंह, बीरबल सिंह सहित कई वरिष्ठ यूनियन नेता उपस्थित रहे।

महिला नेत्रियों में उषा सिंह, शिखा चौधरी और मीरा तिवारी की उपस्थिति भी कार्यक्रम को सशक्त बना गई। कार्यक्रम का स्वागत भाषण इंटक जिला अध्यक्ष केपी तिवारी ने दिया, जबकि मंच संचालन राणा सिंह ने किया।


Leave a Comment