


जमशेदपुर: अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के शुभ अवसर पर सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष सह मजदूर नेता राजेश सामंत के नेतृत्व में प्राथमिक विद्यालय, छोटा गोविंदपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मजदूरों की एकता, अधिकार और उनके कल्याण पर चर्चा करना रहा।
इस कार्यक्रम में पटमदा जिला परिषद क्षेत्र संख्या – 02 के जिला परिषद सदस्य एवं विद्युत विभाग के चेयरमैन माननीय खोगेन महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता मनोवर हुसैन तथा सम्मानित अतिथि के रूप में दक्षिण मध्य छोटा गोविंदपुर की मुखिया गिरबाला देवी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत द्वीप प्रज्वलन एवं भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने मजदूर हितों और उनकी एकता के महत्व पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि मजदूर समाज की रीढ़ होते हैं, और उनके अधिकारों की रक्षा करना हर स्तर पर जरूरी है।
राजेश सामंत ने अपने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों और मजदूरों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा, “मजदूरों को एकजुट होकर अपने हक-अधिकार के लिए संघर्ष करना होगा। एकता ही मजदूरों की सबसे बड़ी ताकत है।”
कार्यक्रम में उपस्थित मजदूरों को टिफिन बॉक्स उपहार स्वरूप भेंट किए गए। संचालन पूर्व मुखिया शिवलाल लोहरा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन लक्ष्मण सिंह मुंडा ने किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में राजेश सामंत, आंदोलनकारी जेना जमुदा, छोटे सरदार, जाकता सोरेन, दुखीराम लोहरा, भूपति सरदार, लखन सामंत, महिला नेत्री पिंकी सिंह, सुलोचना लोहरा, रूपम सिंह, सुनील लोहरा सहित कई अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मजदूरों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे मजदूरों में उत्साह और एकजुटता की भावना झलकी।